किशनगंज: रोड जाम और सोशल मीडिया पर बेज़ा हरकत करनेवालों पर होगी FIR || Indian Local News.
महत्वपूर्ण सूचना..!!
पिछले कुछ दिनों से पूरे देश में जगह-जगह से लगातार अप्रिय घटनाओं की सूचना आ रही है, लोग विरोध करते-करते हिंसात्मक हो जा रहे हैं। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। जान और माल की क्षति हो रही है। कृपया ऐसा ना करें। किशनगंज बड़ी ही अदब और तहज़ीब का जिला रहा है, अपने पूर्वजों की मिल्लत और अमन वाली विरासत हमें याद रखनी है, किसी भी तरीके के हिंसक और भड़काऊ प्रदर्शन की यहां कोई जरूरत नहीं है। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करें, आपकी आवाज बिल्कुल सही जगह तक दुरुस्त पहुंचेगी। प्रशासन हर परिस्थिति में आपके साथ खड़ा है, जिले के अमन औ चैन को बचाये रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है।
किसी भी तरीके के बहकावे में ना आयें, ज़म्हुरियत में विरोध-प्रदर्शन करना सबका हक़ है पर ये प्रदर्शन शांतिपूर्ण हो, किसी तरह के जान-माल की क्षति ना हो, सड़कों पर टायर ना जलाएं जाए, रास्ता रोकने की गलती ना की जाए, राहगीरों से और सरकारी संपत्ति पर बदसुलूकी ना हो..इन सारी बेजा हरक़तों पर माननीय सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगायी है और ना मानने वालों पर ताजरते- हिन्द की कड़ी से कड़ी दफाओं में केस दर्ज कर सख्ती बरतने का हुकुम दे रखा है. NH और अन्य सड़क जाम करने की स्थिति में FIR की जाएगी। सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी की जा रही है, गड़बड़ी करनेवाले किसी भी सूरत में बख्शें नही जाएंगे। अत: आप सभी से पुरजोर गुज़ारिश है की किसी भी तरीके से अपने इलाके में अमन- चैन को बिगड़ने ना दें, अपने बेटों-भतीजों पर वाज़िब निगाह रखें, उन्हें हिदायत जरुर दें की हिंसा- तोड़-फोड़ कर किसी भी मसले की खिलाफत करने की कोशिश ना करें ना ही इसका हिस्सा बनें. इससे हासिल कुछ नहीं होगा उलटे केस मुक़दमों में पड़कर पुलिस-कोर्ट-कचहरी के चक्कर लग सकते हैं, गुंडा-असामाजिक तत्व के रजिस्टर में नाम दर्ज हो जायेगा तो पूरा जीवन-केरियर खराब हो सकता है. हमेशा याद रखें, ये मुल्क सभी का है और इसकी सुरक्षा की जिम्मेवारी हम सबों की है. कानून बनते रहेंगे, सरकारें आती-जाती रहेंगी...मगर याद रखें कि इसी सरजमीं पर हम सबों को साथ मिल के ही रहना है, इसलिए किसी सियासी चाल में अपना और अपने इलाके का अमन चैन ना बर्बाद होने दें।
साथ ही अपने मोबाइल और सोशल मीडिया एकाउंट्स का ना तो खुद दुरुपयोग खुद करें, ना ही किसी और को करने दें। अपने बच्चों-संबंधियों पर तथा आस-पास भी निगाह रखें, अगर कोई ऐसा करता है तो उसकी सूचना तुरंत इसी नम्बर पर दें. भूल से भी किसी षडयंत्र का ना ही हिस्सा बनें ना ही इसे बढ़ावा दें। पुलिस की विशेष टीम लगातार एक्टिव है, दोषियों पर IPC की विभिन्न धाराओं यथा 153A, 295A, 296, IT एक्ट की 67 इत्यादि धाराओं में FIR दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
आम जनता और सोशल मीडिया के पत्रकार और अन्य जागरूक लोग कृपया ऐसे वैमनष्य फैलाने वाले msg को खुद के वाल या ग्रुप में ना करें, सीधे प्रशासन को भेजें, अन्य तरीकों से खुद शेयर करने पर आप पर भी उन्ही धाराओं में करवाई की जाएगी। अतः भूल कर भी ऐसी गलती ना करें, प्रशासन को सहयोग करें, किशनगंज की आपसी मिल्लत वाली तहजीब की हिफाज़त का जिम्मा हम सबका है।
अतः किशनगंज जिला प्रशासन के दिए गए निर्देशों का पूर्णत: पालन करें, किशनगंज जिले की गंगा-जमनी तहजीब को बरकरार रखने में जिला प्रशासन को सहयोग करें।
धन्यवाद।
किशनगंज प्रशासन।
आपका प्रदेश, आपका खबर..!!
Comments
Post a Comment
Thanks for comment..!!