बिना रजिस्ट्रेशन वाले ई-रिक्शा मालिकों पर होगी कार्रवाई.


पूर्णिया| शहर में निबंधन करवाए बिना सड़क पर फर्राटे भरने वाले ई-रिक्शा पर सख्त कार्रवाई होगी। जिला परिवहन विभाग अब वाहन जांच अभियान चलाकर यातायात के नियम तोड़ने वाले ई- रिक्शा को जब्त करेगी। इसके अलावा ई-रिक्शा चालकों को लाइसेंस भी बनवाना होगा। जिला परिवहन पदाधिकारी विकास कुमार ने आदेश जारी कर कहा कि शहर में बिना निबंधन और लाइसेंस वाले ई रिक्शा चलाना गैर कानूनी है। जल्द ही जिले में नियमों को ताक पर रख कर चलने वाले ई- रिक्शा चालकों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। सभी ई- रिक्शा चालकों और मालिकों को निर्देश दिया जाता है कि 15 जनवरी तक किसी भी हाल में अपने वाहन का निबंधन करवा लें। निबंधन नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत इनसे पांच हजार रुपए फाइन तक वसूला जाएगा। इसके अलावा ई-रिक्शा बेचने वाले एजेंसियों को नोटिस भेज दिया गया है कि उनके यहां से बेचे गए ई-रिक्शा का जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन करवाएं। हाल के दिनों में रजिस्ट्रेशन करवाने वालों की कवायद तेज हुई है। उन्होंने कहा कि मोटर व्हीकल एक्ट के लगभग सभी नियम ई-रिक्शा पर भी लागू होंगे। नियम के उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आपका प्रदेश, आपका खबर..!!

Comments